बीकानेर। रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशन प्राप्त करने वालों के लिए राहत की खबर है। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में नवंबर महीने के दौरान राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 चलाया जाएगा। इसके तहत 1 से 30 नवंबर 2026 तक अलग-अलग रेलवे स्टेशनों और कार्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य पेंशन संबंधी प्रक्रिया को आसान बनाना और पेंशन भुगतान में होने वाली परेशानियों से बचाना है।
5 नवंबर को इन स्टेशनों पर लगेंगे शिविर
रेलवे प्रशासन के अनुसार, 5 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बीकानेर, लालगढ़, कोलायत, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, राजगढ़, सादुलपुर, रतनगढ़ और सरदारशहर में शिविर लगाए जाएंगे।
नवंबर में इन तारीखों पर भी मिलेगी सुविधा
पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए अन्य स्थानों पर भी शिविर आयोजित होंगे। बीकानेर मंडल कार्यालय में 2 और 3 नवंबर को, बीकानेर रेलवे स्टेशन पर 4 नवंबर को, हनुमानगढ़ में 10 नवंबर को और भिवानी में 12 नवंबर को शिविर लगाया जाएगा। इसके अलावा रतनगढ़, चूरू, श्रीगंगानगर, पलवल और हिसार में 13 नवंबर को, लोहारू में 16 नवंबर को, श्रीगंगानगर में 18 नवंबर को, बीकानेर के रेलवे ओपन लाइन कार्यालय और सूरतगढ़ में 20 नवंबर को तथा लालगढ़ स्टेशन पर 25 नवंबर को प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
शिविर में साथ लेकर जाएं ये जरूरी दस्तावेज
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पेंशनभोगियों को अपना पेंशन भुगतान आदेश (PPO), आधार कार्ड और बैंक पासबुक साथ लेकर जाना होगा। फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा से भी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किया जा सकता है।
समय पर प्रमाण पत्र बनवाने की अपील
रेलवे प्रशासन ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और पारिवारिक पेंशनधारकों से निर्धारित तारीख पर शिविर में पहुंचकर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की अपील की है। इससे पेंशन भुगतान की प्रक्रिया सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर: 90011-97008, 90011-97615








