बीकानेर। देशनोक में आयोजित होने वाली श्रीकरणी माता ओरण परिक्रमा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। यात्रियों को आवागमन में सुविधा देने के उद्देश्य से जयपुर से बीकानेर के बीच संचालित होने वाली दो जोड़ी रेलसेवाओं में अस्थायी रूप से साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार, यह व्यवस्था 22 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी। इसके तहत दोनों रेलसेवाओं में दो-दो अतिरिक्त जनरल कोच जोड़े जाएंगे।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक:
गाड़ी संख्या 12468/12467 (जयपुर-जैसलमेर-जयपुर): जयपुर से बीकानेर के बीच 22 से 24 नवंबर तक दो अतिरिक्त साधारण श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे।
गाड़ी संख्या 19719/19720 (जयपुर-सूरतगढ़-जयपुर): इस ट्रेन में भी जयपुर से बीकानेर के बीच इसी अवधि में दो अतिरिक्त जनरल कोच की अस्थायी व्यवस्था रहेगी।
रेलवे के इस निर्णय से करणी माता ओरण परिक्रमा में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं सहित अन्य यात्रियों को भीड़ से राहत मिलने और यात्रा अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।








