TRENDING NEWS
👉 8 वर्षों से भरोसे का नाम – अलर्ट भारत न्यूज़ पोर्टल | 6 वर्षों से जनसेवा में समर्पित अलर्ट भारत समाचार पत्र | भारत सरकार से पंजीकृत समाचार पत्र का RNI नं. RAJHIN/2021/86001 | निष्पक्ष, निर्भीक और विश्वसनीय पत्रकारिता का संकल्प | आपकी आवाज़, हमारी पहचान – अलर्ट भारत।

देवउठनी एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब, 11 किलो के केक से मनाया बाबा का जन्मोत्सव

By
On: November 20, 2026 2:19 PM
हमें फॉलो करें:

Whatsapp Channel

Join Now

फेसबुक से जुड़े

Join Now

बीकानेर। देवउठनी एकादशी के अवसर पर जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में बाबा श्याम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सर्द मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे और बाबा के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर को देश के अलग-अलग शहरों से मंगवाए गए आकर्षक फूलों से सजाया गया। रंग-बिरंगे फूलों और रोशनी से सजा बाबा का दरबार भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। गर्भगृह में भी विशेष पुष्प सज्जा की गई। बाबा का मनमोहक श्रृंगार चेतन शर्मा एवं किशन जोशी ने किया।
11 किलो के कलाकंद केक से मनाया जन्मदिन
बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर मंदिर ट्रस्ट की ओर से 11 किलो का विशेष कलाकंद केक तैयार करवाया गया। आरती के दौरान केक काटकर बाबा का जन्मदिन मनाया गया और बाद में इसे प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंज उठा। भक्त अपने साथ केक, गुलाब के फूल, इत्र और लड्डू लेकर बाबा के दर्शन करने पहुंचे।
भजनों पर झूमे भक्त, महिलाओं ने किया नृत्य
पूरे दिन मंदिर परिसर में श्याम भजनों की धूम रही। ‘बदल देता तो किस्मत, बात झूठी नहीं… बाबा, तुमसा दयालु कोई नहीं’ जैसे भजनों ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। वहीं ‘कन्हैया, एक नजर जो आज तुझको देखता होगा, मेरे सरकार को किसने सजाया सोचता होगा’ भजन पर श्रद्धालु बाबा के फूलों से सजे दरबार की सुंदरता में खोए नजर आए। भजनों की धुन पर महिलाओं ने समूह में भक्ति नृत्य किया। युवा और अन्य श्रद्धालु भी भक्ति संगीत पर झूमते दिखाई दिए। कई भक्तों ने बाबा के दरबार में नारियल बांधकर मनोकामनाएं मांगी और अपनी श्रद्धा प्रकट की।
सेल्फी बूथ बना आकर्षण का केंद्र
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेल्फी बूथ भी तैयार किया गया था। यहां महिलाओं, युवाओं और परिवारों ने फूलों से सजे दरबार के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। श्रद्धालुओं में इस खास मौके को मोबाइल कैमरों में कैद करने का उत्साह नजर आया।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्थाएं
भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट की ओर से दर्शन एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। ट्रस्ट अध्यक्ष के.के. शर्मा, ट्रस्टी सुरेश अग्रवाल एवं ओम जिंदल व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। वहीं मंदिर सचिव सुरेश भसीन ने अस्वस्थ होने के बावजूद फोन के माध्यम से व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
देवउठनी एकादशी पर आयोजित बाबा श्याम का जन्मोत्सव भक्ति, उल्लास और आस्था का यादगार आयोजन बन गया। सुबह से देर शाम तक दर्शनार्थियों की आवाजाही जारी रही और पूरा मंदिर परिसर ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारों से गूंजता रहा।

 

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

फेसबुक से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें