बीकानेर, 22 जुलाई। शहर की सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए जिला कलेक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में यातायात व्यवस्था सुधारने, दुर्घटनाओं में कमी लाने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।।जिला कलेक्टर ने सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को शहर में बने अवैध कट बंद करने तथा सड़कों पर अतिक्रमण चिन्हित कर 28 जुलाई तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही डूंगर कॉलेज और केवी स्कूल के पास स्पीड ब्रेकर बनाने, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर व्हील लॉक लगाने, बंद ट्रैफिक सिग्नलों को दोबारा चालू करने और फोर्ट स्कूल सहित अन्य स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने जिले के ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार की आवश्यकता बताते हुए जयपुर रोड स्थित वैष्णो धाम और खाटू श्याम मंदिर के सामने बैरिकेडिंग कराने तथा भारतमाला परियोजना मार्ग पर हाईटेक कैमरों के जरिए ओवरस्पीड, सीट बेल्ट उल्लंघन, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और अवैध पार्किंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने पर जोर दिया। एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि जैसलमेर रोड पर करमीसर मोड़ से एमजीएसयू तक करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में अगस्त के अंत तक क्षतिग्रस्त लोहे की जालियों की जगह कंक्रीट क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। इससे सड़क सुरक्षा में सुधार होगा और जालियां तोड़ने की समस्या खत्म होगी। बैठक में सभी ब्लॉक मुख्यालयों और विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। आरटीओ अनिल पंड्या ने बताया कि इस वर्ष अब तक 309 ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित किए जा चुके हैं। वहीं 8 से 28 जुलाई तक चल रहे विशेष अभियान में 34 बसें सीज कर प्रत्येक पर करीब 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जिला कलेक्टर ने बसों, ट्रकों और कारों पर लगी अनाधिकृत लाइटें हटाने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुरलीधर व्यास कॉलोनी सेक्टर-2 स्थित ट्रैफिक पार्क का नियमित संचालन शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा सभी टोल प्लाजा पर आई-चेकअप शिविर जारी रखने तथा कमजोर दृष्टि वाले वाहन चालकों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा, ब्लैक स्पॉट सुधार और दुर्घटना रोकथाम से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक कार्ययोजना प्रस्तुत की।









