बीकानेर। कोडमदेसर भैरुनाथ मंदिर जाते समय सड़क हादसे में घायल विनोबा बस्ती निवासी कैलाश गुजराती की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के बेटे राज गुजराती की रिपोर्ट पर गजनेर थाना पुलिस ने ट्रर्बो ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार, 23 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे कैलाश गुजराती मोटरसाइकिल लेकर कोडमदेसर भैरुनाथ मंदिर के लिए घर से निकले थे। शाम करीब 4:52 बजे परिजनों को फोन पर सूचना मिली कि कैलाश का एक्सीडेंट हो गया है और उन्हें बीकानेर ट्रोमा सेंटर ले जाया जा रहा है। परिजन अस्पताल पहुंचे तो कैलाश गंभीर रूप से घायल मिले। उनके सिर पर गंभीर चोटें थीं। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवादी के मुताबिक, हादसे की जानकारी जुटाने के लिए परिजन कोडमदेसर पहुंचे तो दुर्घटना में एक ट्रर्बो ट्रक के शामिल होने का पता चला। मौके पर खड़े ट्रक की नंबर प्लेट पर RJ 07 GD 2580 लिखा दिखाई दिया। आरोप है कि नंबर प्लेट पर काला तरल पदार्थ लगाकर नंबर बदलने का प्रयास किया गया था। पदार्थ साफ करने पर ट्रक का नंबर RJ 07 GD 2550 सामने आया।
मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके पिता की मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और हादसे के बाद ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।







