बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश को लेकर हुए झगड़े में चाकू लगने से गंभीर घायल हुए युवक अकरम उर्फ सोनू की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक ने पीबीएम अस्पताल में अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मुख्य डाकघर के नजदीक एक गली में दो पक्ष आमने-सामने हो गए। शुरुआत में हुई कहासुनी ने कुछ ही देर में उग्र रूप धारण कर लिया। आरोप है कि एक पक्ष के कुछ लोग दूसरे पक्ष के युवक के घर में घुस गए और उस पर चाकू से वार कर दिए। हमले में अकरम उर्फ सोनू गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन उसे तत्काल पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। वारदात के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव भी हुआ। घटना की सूचना मिलते ही कोटगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। युवक की मौत की खबर फैलते ही इलाके में हलचल बढ़ गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष एक ही समाज से संबंध रखते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों एवं आरोपों की पड़ताल की जा रही है।








