बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में सीताराम गेट के नजदीक जीप और बुलेट मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बुलेट सवार शिवम पुरोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बाहर गुवाड़ निवासी शिक्षक नेता किशोर पुरोहित का पुत्र शिवम अपने मित्र से मिलकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार जीप ने उसकी बुलेट को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि शिवम उछलकर दूर जा गिरा। उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि सिर में गंभीर चोट नहीं लगी। हादसे के बाद जीप में सवार चालक सहित चार युवक मौके से फरार हो गए। राहगीरों की मदद से घायल शिवम को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। वहीं पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला भी ट्रोमा सेंटर पहुंचे और चिकित्सकों से शिवम के स्वास्थ्य की जानकारी लेकर बेहतर उपचार के निर्देश दिए।








