बीकानेर। दीपावली पर घरों को रोशनी से सजाने और आतिशबाजी के उत्साह के बीच बिजली सुरक्षा को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। इसी को देखते हुए बीकेईएसएल ने शहरवासियों से त्योहार के दौरान विद्युत सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की है।बीकेईएसएल के प्रवक्ता ने बताया कि घरों की सफाई, रंगाई-पुताई और लाइटिंग करते समय आसपास से गुजर रही बिजली की लाइनों और ट्रांसफार्मरों से दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। बिजली के तारों को लकड़ी या किसी अन्य वस्तु से हटाने का प्रयास भी जानलेवा साबित हो सकता है।कंपनी ने लोगों को सलाह दी है कि सजावट के लिए बिजली के तारों पर आंकड़े डालने के बजाय केवल अधिकृत कनेक्शन का इस्तेमाल करें। एक ही सॉकेट में कई उपकरण लगाने से बचें और बच्चों को बिजली के उपकरणों से दूर रखें। वहीं आतिशबाजी करते समय ट्रांसफार्मर, पैनल बॉक्स और बिजली की लाइनों के आसपास पटाखे नहीं चलाने चाहिए। विशेष रूप से ट्रांसफार्मरों के नीचे अनार, रॉकेट और सुतली बम चलाने से आग लगने और विद्युत तंत्र को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। बीकेईएसएल ने शहरवासियों से अपील की है कि त्योहार की खुशियां बरकरार रखने के लिए बिजली सुरक्षा के नियमों का पालन करें और सावधानी के साथ दीपावली मनाएं।








