बीकानेर। दो बार पैरालंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाज श्यामसुंदर स्वामी को शिक्षा विभाग ने सरकारी नौकरी से हटा दिया है। करीब पांच साल पहले राज्य सरकार ने उन्हें आउट ऑफ टर्न पॉलिसी के तहत शारीरिक शिक्षक ग्रेड थर्ड के पद पर नियुक्त किया था। नियुक्ति की शर्त के अनुसार उन्हें पांच साल में बीपीएड ट्रेनिंग पूरी करनी थी, लेकिन निर्धारित अवधि में प्रशिक्षण पूरा नहीं होने पर विभाग ने उनकी सेवाएं समाप्त कर दीं।श्यामसुंदर स्वामी का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार व्यस्त रहने के कारण वे ट्रेनिंग पूरी नहीं कर सके। उन्होंने सरकार से पैरा खिलाड़ियों के लिए नियमों में राहत देने की मांग की है। वहीं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामगोपाल शर्मा ने बताया कि नियुक्ति की शर्तें पूरी नहीं होने और उच्च अधिकारियों से मिले मार्गदर्शन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।








