बीकानेर। साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। कालू थाना क्षेत्र के राजासर उर्फ करणीसर गांव के एक व्यक्ति के बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने 1 लाख 41 हजार 605 रुपए निकाल लिए। पीड़ित ने इस संबंध में कालू थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस को दी रिपोर्ट में हरिभजन मण्डा पुत्र भंवरलाल मण्डा ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद उसके एसबीआई बैंक खाते को निशाना बनाते हुए चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकाल ली। रिपोर्ट के अनुसार, 31 अक्टूबर को शाम 4 से 8 बजे के बीच तथा 4 नवंबर को सुबह 4 से 5 बजे के बीच ये लेनदेन किए गए। इस दौरान खाते से कुल 1,41,605 रुपए की निकासी कर ली गई। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








