बीकानेर। नापासर के मुख्य बाजार में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार वाहन ने एक बुजुर्ग व्यापारी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में व्यापारी बाबूलाल गोयल गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बेकाबू वाहन स्कूल की तारबंदी तोड़ते हुए दीवार से जा भिड़ा। जानकारी के अनुसार, हादसा अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क पर गीता देवी बागड़ी बालिका विद्यालय के पास हुआ। टक्कर के बाद वाहन चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यापारी को नापासर उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना पर कार्यवाहक थानाधिकारी जगदीश कुमार और एचएम शक्ति सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थानाधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर घायल व्यापारी के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।








