बीकानेर। नोखा क्षेत्र में एनएच-62 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की जान चली गई। तिरुपति नगर के समीप तेज रफ्तार वाहन ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक के भाई मनोज (23) पुत्र सोहनलाल निवासी मोहनपुरा ने बताया कि 16 नवंबर की शाम करीब 6 बजे उसका भाई नागौर रोड से बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान गुजरात नंबर की गाड़ी (GJ 06 RC 9140) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है।
पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। हादसे की जांच की जा रही है।








