बीकानेर। दीपावली के दिन घड़सीसर अंडरब्रिज के पास हुए भीषण रेल हादसे ने एक और जिंदगी छीन ली। हादसे में गंभीर रूप से घायल अमरचंद सांखला ने बुधवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दस दिनों तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ने के बाद उनकी मौत से हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर चार हो गया है। जानकारी के अनुसार, हादसे में अमरचंद गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने सिर का ऑपरेशन भी किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
इस हादसे की कहानी भी बेहद दर्दनाक है। दीपावली के दिन हुए इस हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। दोनों को शांत करवाने और बीच-बचाव करने के इरादे से अमरचंद सांखला वहां पहुंचे थे। इसी दौरान वे भी हादसे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दस दिनों तक उपचार के बावजूद अमरचंद की जिंदगी नहीं बच सकी। उनके निधन के साथ ही दीपावली के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों की संख्या चार पहुंच गई।








