बीकानेर। पेट्रोल-डीजल की माप में गड़बड़ी और उपभोक्ताओं को कम ईंधन देने की शिकायतों को लेकर जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंपों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत सोमवार और मंगलवार को जिले के 8 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जांच दलों ने पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में निर्धारित माप का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी जांच की। कार्रवाई के दौरान नियमों के उल्लंघन के मामलों में 4 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। यह अभियान विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 और राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियम, 2011 के प्रावधानों के तहत संचालित किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों की जांच जारी रहेगी। जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सही मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराना और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।








