टिहरी। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के समीप यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की यह बस हरिद्वार से चमोली जिले के जोशीमठ जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे मुनि की रेती थाना क्षेत्र में गूलर के पास अचानक बस चालक का नियंत्रण खो गया और बस पुल से नीचे नदी में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बचाव दल ने घायलों को बाहर निकालकर ऋषिकेश एम्स पहुंचाया। घायलों में एक तीन साल की बच्ची भी शामिल है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।









