बीकानेर। गंगाशहर में पेयजल संकट और नोखा रोड पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर वार्ड नंबर 28 के पार्षद प्रतिनिधि हेमंत कातेला ने प्रशासन के समक्ष दो प्रमुख जनहित के मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है। कातेला ने PHED विभाग से गंगाशहर में पेयजल आपूर्ति का समय 8 घंटे से बढ़ाकर 15 घंटे करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी के चलते कई मोहल्लों में कम दबाव से पानी पहुंच रहा है। उन्होंने पाइपलाइनों का सर्वे, क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत और जल वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करवाने की भी मांग रखी।
वहीं, नोखा रोड पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए PWD विभाग से 5 नंबर चौराहा, बाफना स्कूल, नया बस स्टैंड और पुराना बस स्टैंड के पास स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की गई है। हेमंत कातेला ने कहा कि इन स्थानों पर विद्यार्थियों, यात्रियों और आमजन की आवाजाही रहती है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से दोनों समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई कर आमजन को राहत और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।










