बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में पाकिस्तानी गुब्बारे मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को गांव धनेरू की रोही में एक और पाकिस्तानी गुब्बारा मिलने से इलाके में चर्चा शुरू हो गई। खेत में गुब्बारा दिखाई देने पर किसान ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसआई देवाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गुब्बारे को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गुब्बारे के साथ कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, यंत्र या अन्य संदिग्ध डिवाइस नहीं मिली है।इसी दिन गांव सत्तासर की रोही में जयनारायण सिंह के खेत में एक अज्ञात यंत्र मिलने का मामला भी सामने आया। इस यंत्र के साथ 100 फीट से अधिक लंबा धागा बंधा हुआ था। खेत में संदिग्ध वस्तु मिलने की जानकारी से किसानों में उत्सुकता और चिंता का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रशासन को दे दी। एक ही दिन में क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में ऐसी वस्तुएं मिलने से ग्रामीणों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अब प्रशासन की जांच के बाद ही अज्ञात यंत्र की वास्तविक प्रकृति और उसके संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









