बीकानेर। शहर के व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात सड़क हादसे में एक पैदल राहगीर की जान चली गई। जयपुर-श्रीगंगानगर बाइपास सर्किल के पास पराठा होटल के नजदीक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर उसे तत्काल पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। व्यास कॉलोनी थाना पुलिस मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है। साथ ही हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश भी की जा रही है।








