बीकानेर। बज्जू थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट कर उसके दोनों पैर तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपने ससुराल पक्ष के पांच नामजद लोगों सहित अन्य के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस के अनुसार, नोखा क्षेत्र के सुपूरा निवासी बजरंगलाल मेघवाल 22 नवंबर को अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था। आरोप है कि शाम को पत्नी को साथ ले जाने की बात कहने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे कमरे में बंद कर दिया और लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमले में उसके दोनों पैर टूट गए और शरीर पर कई जगह चोटें आईं। आरोपियों ने उसकी जेब से 4 हजार रुपए छीन लिए और मोबाइल भी तोड़ दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़ित ने 23 नवंबर को बज्जू थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








