बीकानेर: सड़क पार कर रही बुजुर्ग महिला को बाइक ने मारी टक्कर
बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में अज्ञात बाइक चालक की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला घायल हो गई। घटना के बाद घायल महिला को आसपास के लोगों की मदद से पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार पंचमुखा हनुमान मंदिर, रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया निवासी मेघराज गहलोत ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि 20 मई को दोपहर के समय उसकी सास बरजू देवी बाबूलाल फाटक के पास सड़क पार कर रही थीं।
इसी दौरान तेज गति और लापरवाही से आए एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बरजू देवी को गंभीर व सामान्य चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल महिला को तुरंत पीबीएम अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अज्ञात बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है।




