बीकानेर। नया शहर थाना क्षेत्र स्थित सीताराम गेट के पास मंगलवार को एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। प्लास्टर करते समय सहारा देने वाली बल्ली अचानक टूट गई, जिससे मजदूर नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। नया शहर थाना पुलिस के अनुसार राम मंदिर के पास निर्माणाधीन भवन में प्लास्टर का कार्य चल रहा था। श्रीरामसर निवासी अर्जुन भवन के बाहरी हिस्से में अडाण (मचान) पर चढ़कर प्लास्टर कर रहा था। दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक अडाण की बल्ली टूट गई, जिससे वह सीधे नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने अर्जुन को तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के भाई अन्नाराम की रिपोर्ट पर नया शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रही है।








