बीकानेर। जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खारवाली के सुरजनवाली गांव में मंगलवार को ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। लड़की के रिश्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सत्तासर क्षेत्र में लड़की के रिश्ते की बातचीत के दौरान मामा-भांजा पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान हुए हमले में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान करीम खां, बिंदू खां और अली शेर के रूप में हुई है। इनमें दो मृतक खारवाली गांव तथा एक सुरजनवाली गांव का निवासी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही खाजूवाला वृत्ताधिकारी आकांक्षा चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। वहीं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला लड़की के रिश्ते को लेकर हुए विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि, संघर्ष के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।








