बीकानेर। शहर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र की सूरज कॉलोनी में घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और जातिसूचक अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, भरतपुर निवासी नेहा जाटव ने रिपोर्ट में बताया कि वह सूरज कॉलोनी स्थित किराये के मकान में रह रही थी। 14 जुलाई की रात प्रेम सिंह राजपूत, हरिओम सिंह सहित अन्य लोग जबरन घर में घुस आए और उसके साथ रह रहे मोनू तथा उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने मारपीट के दौरान नेहा के गले से सोने की चेन छीन ली, जबकि मोनू की जेब से ₹6 हजार नकद निकाल लिए। हमले में मोनू के हाथ में फ्रैक्चर भी हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। जेएनवीसी थाना पुलिस ने प्रेम सिंह राजपूत, हरिओम सिंह सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








