बीकानेर। स्मार्ट मीटर कंपनी में कार्यरत इंजीनियर लक्ष्मण सिंह राठौड़ की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मण सिंह राठौड़ करीब 15 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे। इस दौरान उन्होंने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। अब वायरल हुए वीडियो में उन्होंने कंपनी के जीएम नीतीश कुमार और कर्मचारी अखेराज का नाम लेते हुए लगातार प्रताड़ित किए जाने का दावा किया है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। वहीं, लोगों का कहना है कि यदि शुरुआती शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी। इधर, इंजीनियर की मौत के विरोध में साथी कर्मचारियों और भारतीय मजदूर संघ (भामसं) के पदाधिकारियों ने पीबीएम अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।








