बीकानेर/नोखा। सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर फर्जी पहचान बनाकर युवती को जाल में फंसाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। बारां निवासी एक युवती की शिकायत पर नोखा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि करीब 2-3 माह पहले नोखा निवासी एक युवक ने लड़की की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उससे दोस्ती की। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने कथित रूप से उसके सोशल मीडिया से फोटो लेकर अश्लील तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे नोखा बुलाया। आरोप है कि आरोपी ने कोटा से नोखा तक का टिकट भी भेजा। रिपोर्ट के अनुसार, 15 मई को नोखा पहुंचने पर आरोपी उसे एक होटल में ले गया, जहां 5-6 दिनों तक रखा। इस दौरान कथित तौर पर जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया तथा अश्लील फोटो और वीडियो भी बनाए गए। आरोप है कि आरोपी ने उसका मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिया। युवती का कहना है कि मौका मिलने पर वह होटल से निकलकर बस के जरिए 22 मई को कोटा पहुंची और वहां से बारां चली गई। इसके बाद आरोपी ने फोन कर जान से मारने की धमकियां दीं और कथित रूप से उसके अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पीड़िता ने बारां के पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद कवाई थाना पुलिस ने जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर मामला नोखा थाने भेज दिया। नोखा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









