बीकानेर। छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर सोमवार को डूंगर कॉलेज के बाहर एनएसयूआई।कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जयपुर नेशनल हाईवे पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शन में एनएसयूआई नेता श्रीकिशन गोदारा, गिरधारी कूकणा सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए छात्रसंघ चुनाव जल्द बहाल करने की मांग की। हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया। कुछ समय तक मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की समझाइश और कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हो गई। गौरतलब है कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर पिछले दिनों भी पुलिस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच विवाद और झड़प हुई थी। सोमवार का प्रदर्शन उसी मुद्दे को लेकर विरोध का अगला चरण माना जा रहा है। इस बीच एनएसयूआई के भीतर गुटबाजी भी खुलकर सामने आई। संगठन के दो अलग-अलग धड़ों ने अलग-अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे संगठन की अंदरूनी खींचतान भी चर्चा का विषय बन गई।
बीकानेर में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग पर NSUI का उग्र प्रदर्शन, हाईवे पर टायर जलाकर किया जाम





