बीकानेर। रेंज आईजी ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत नाल थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 432 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी विकास विश्नोई के नेतृत्व में नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान फलौदी के खारा निवासी विकास बिश्नोई के कब्जे से 2 किलो 432 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई एडीएसपी चक्रवर्ती सिंह एवं सीओ हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
गौरतलब है कि नाल थाना पुलिस ने पिछले एक महीने में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चौथी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थानाधिकारी विकास विश्नोई ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गश्त, नाकाबंदी और सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नाल पुलिस की बड़ी सफलता: 2.432 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कार्रवाई






