बीकानेर। जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के माणकासर गांव की रोही में मंगलवार को कथित वन्यजीव शिकार का मामला सामने आया। ग्रामीणों और जीव प्रेमियों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो मॉनिटर लिजार्ड बरामद किए गए, जिनमें से एक मृत जबकि दूसरा घायल अवस्था में मिला। वहीं पास ही एक हिरण का शावक भी मृत मिला, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर माणकासर गांव में रामूराम भादू की ढाणी के पास कुछ महिलाओं ने कुछ लोगों को कथित रूप से वन्यजीवों का शिकार करते देखा। महिलाओं ने इसकी सूचना जीव प्रेमियों को दी। सूचना मिलते ही जीव प्रेमियों ने ऊंटगाड़े पर सवार महिला-पुरुषों का पीछा किया और बागडूराम बिश्नोई के खेत के पास उन्हें रोककर पूछताछ की। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ऊंटगाड़े की तलाशी ली, जिसमें दो मॉनिटर लिजार्ड मिले। इनमें से एक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा घायल अवस्था में था। तलाशी के दौरान आसपास एक हिरण का शावक भी मृत मिला। ग्रामीणों और जीव प्रेमियों का आरोप है कि शिकार करने वाले लोग पकड़े जाने के डर से हिरण के शावक को मौके पर ही छोड़कर चले गए। बताया जा रहा है कि जिन लोगों पर शिकार का आरोप है, वे रोही क्षेत्र में परिवार सहित डेरा लगाकर रहते हैं। पुरुष मजदूरी करते हैं, जबकि महिलाएं और बच्चे गांवों में फेरी लगाकर अन्न एकत्र करते हैं। घटना के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं क्षेत्र के जीव प्रेमियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बज्जू में वन्यजीव शिकार का मामला: एक मॉनिटर लिजार्ड मृत, दूसरा घायल मिला, हिरण का शावक भी मिला मृत





