बीकानेर। जिले के नोखा क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई। पांचू थाना क्षेत्र में साधुना और सारुडा गांव के बीच हथियारबंद बदमाशों ने बैंक की कैश वैन को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी से भरा कैश बॉक्स लूट लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार बैंक की कैश वैन विभिन्न शाखाओं में नकदी पहुंचाने के लिए निर्धारित मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान कैंपर गाड़ी में सवार होकर आए चार हथियारबंद बदमाशों ने वैन को बीच रास्ते में रुकवा लिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर कर्मचारियों को अपने कब्जे में लिया और कुछ ही मिनटों में नकदी से भरा कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार लूटे गए कैश बॉक्स में 50 लाख रुपये से अधिक की नकदी बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक लूटी गई राशि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर तलाश तेज कर दी गई है।
दिनदहाड़े कैश वैन से बड़ी लूट: हथियारबंद बदमाश 50 लाख से अधिक की नकदी से भरा कैश बॉक्स लेकर फरार






