बीकानेर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नाल थाना पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए 6 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया और पंजाब के भटिंडा निवासी गुरुसेवक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ एवं वृताधिकारी हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में थाना प्रभारी विकास विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आरोपी को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार नाल थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले एक महीने में यह छठी बड़ी कार्रवाई है, जो क्षेत्र में सक्रिय तस्करों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई को दर्शाती है। इस अभियान में एएसआई सुभाष, जय सिंह, मेनपाल, सहीराम, हेड कांस्टेबल जगदीश, कांस्टेबल पवन तथा चालक मांगीलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर डोडा पोस्त की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.538 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार






