बीकानेर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में भारी और अतिभारी बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 8 से 10 अगस्त तक भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में आगामी एक सप्ताह तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते कई जिलों में लगातार बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। बीकानेर संभाग में भी मौसम में बदलाव के आसार हैं। आसमान में बादल छाए रहने और स्थानीय स्तर पर बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के आगामी अपडेट पर सभी की नजरें टिकी हैं।
राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट; 8 से 10 अगस्त तक इन संभागों में बरसेंगे बादल






