बीकानेर। बीछवाल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बस की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा 4 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे बीछवाल में आरएसी के सामने हुआ। पुलिस के अनुसार, मोलानिया निवासी पूनमराम पुत्र लालाराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि उसका भाई रेवंतराम सड़क के नीचे खड़ा था। इसी दौरान बस नंबर RJ-18-PB-1316 तेज गति और गलत तरीके से आई और रेवंतराम को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रेवंतराम सड़क पर गिर गया और बस का टायर उसके दोनों पैरों के ऊपर से निकल गया। हादसे में उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। परिजनों ने बस चालक पर तेज गति, गलत एवं लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट के आधार पर बीछवाल थाना पुलिस ने बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक लाभूराम कर रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम को लेकर आगे की जांच में जुटी है।
तेज रफ्तार बस ने युवक को कुचला, दोनों पैर फ्रैक्चर बीकानेर के बीछवाल में आरएसी के सामने हुआ हादसा









