बीकानेर। नगर निकाय चुनाव के नामांकन के अंतिम दौर में नामांकन केंद्रों पर भारी भीड़ के चलते कई प्रत्याशियों के नामांकन से वंचित रहने की बात सामने आई है। आरोप है कि कई उम्मीदवार निर्धारित निक्षेप राशि जमा कर सरकारी रसीद प्राप्त करने के बावजूद टोकन नहीं मिलने के कारण नामांकन पत्र दाखिल नहीं कर पाए। प्रभावित उम्मीदवारों का कहना है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन केंद्र पहुंचे थे, लेकिन अत्यधिक भीड़ और सीमित टोकन व्यवस्था के कारण उनका नंबर नहीं आ सका। ऐसे में उम्मीदवारों ने निर्वाचन विभाग से स्पष्ट व्यवस्था और समाधान की मांग की है। उम्मीदवारों ने सवाल उठाया है कि जब प्रत्याशी पहले ही निर्धारित सरकारी निक्षेप राशि जमा कर चुका है और उसके पास विधिवत रसीद भी है, तो केवल टोकन व्यवस्था या प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण उसे चुनाव लड़ने के अवसर से कैसे वंचित किया जा सकता है।
प्रत्याशियों ने निर्वाचन विभाग से मांग की है कि ऐसे मामलों में स्पष्ट निर्णय लिया जाए तथा किसी भी पात्र उम्मीदवार का नामांकन केवल भीड़ या टोकन व्यवस्था के कारण प्रभावित न हो। साथ ही, नामांकन नहीं हो पाने की स्थिति में जमा निक्षेप राशि की वापसी को लेकर भी स्पष्ट जानकारी देने की मांग की गई है। अब सवाल यह है कि राशि जमा कर निर्धारित समय पर पहुंचे उम्मीदवारों को क्या नामांकन का एक और अवसर मिलेगा? इस पर निर्वाचन विभाग के निर्णय का इंतजार है।








