बीकानेर। सादुलगंज क्षेत्र स्थित एक निजी क्लीनिक में गुरुवार को लोगों के विरोध और हंगामे की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा। संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य देवेंद्र चौधरी और सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध के नेतृत्व में पहुंची टीम ने क्लीनिक के दस्तावेज, रजिस्ट्रेशन और संचालन व्यवस्था की जांच की। प्रारंभिक जांच में आवश्यक रजिस्ट्रेशन व कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। जांच के दौरान क्लीनिक से संचालित बताई जा रही लैब के रजिस्ट्रेशन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। संयुक्त निदेशक देवेंद्र चौधरी ने बताया कि लैब के पंजीकरण की पुष्टि के लिए संबंधित विभाग से रिपोर्ट ली जाएगी और मामले की गहन जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार क्लीनिक के खिलाफ इलाज में कथित लापरवाही को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। इसके अलावा क्लीनिक के संचालन और वैधानिक दस्तावेजों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम क्लीनिक के रजिस्ट्रेशन, दस्तावेजों, लैब संचालन और अन्य कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है। विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।







