बीकानेर। महाजन कस्बे के समीपवर्ती गुसाइणा गांव में रविवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना में दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार गुसाइणा गांव में देर रात पुरानी रंजिश को लेकर रेवंतराम मेघवाल और प्रकाश नायक पक्ष के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, जिसमें रेवंतराम मेघवाल और प्रकाश नायक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर हैड कांस्टेबल बाबूलाल बिश्नोई पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए। चिकित्सकों ने उन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में विवाद के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मारपीट के कारणों तथा इसमें शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप: दो पक्षों में जमकर मारपीट, दो गंभीर घायल






