बीकानेर। बीकानेर जिले के गजनेर क्षेत्र में नहर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान केशुराम पुत्र श्रीराम मेघवाल (26) निवासी जांगलू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि केशुराम अपने एक दोस्त के साथ कोडमदेसर मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर वापस लौट रहा था।
वापसी के दौरान दोनों कोडमदेसर नहर की पुलिया पर रुके। इसी दौरान केशुराम नहर में नहाने के लिए उतर गया। नहर में पानी गहरा होने के कारण वह डूब गया। साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही गजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोलायत अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक पुलिया के पास नहाने के लिए उतरा था और इसी दौरान हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।






