श्रीडूंगरगढ़। नगर पालिका क्षेत्र में सोमवार को एक फर्नीचर गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार आग नगर पालिका के निवर्तमान उपाध्यक्ष बंशीधर सुथार के फर्नीचर गोदाम में लगी। गोदाम में बड़ी मात्रा में फोम, प्लास्टिक, लकड़ी और तैयार फर्नीचर रखा हुआ था, जिससे आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। धुएं के गुबार और आग की लपटों से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता भी राहत कार्य में सहयोग करते नजर आए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा





