बीकानेर। जसरासर थाना क्षेत्र के कुंकणिया बेरासर गांव से 20 वर्षीय युवती के अचानक लापता होने से परिजनों में चिंता का माहौल है। युवती 13 सितंबर की सुबह घर से निकली थी, जिसके बाद वापस नहीं लौटी। उसका मोबाइल भी लगातार बंद आ रहा है। परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद युवती के भाई ने जसरासर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए उसके अपहरण की आशंका जताई। रिपोर्ट के अनुसार, युवती के मोबाइल पर बाधनूं निवासी लीलाधर जाट का फोन आया था। इसी आधार पर परिजनों ने आशंका जताई है कि वह युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया हो सकता है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई भागीरथ राम कर रहे हैं। पुलिस युवती की तलाश के साथ युवक की भूमिका समेत पूरे मामले की जांच में जुटी है।







