बीकानेर। जिले के देशनोक थाना क्षेत्र के केसरदेसर जाटान गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय युवक की सिंचाई की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। पुलिस के अनुसार केसरदेसर जाटान निवासी पनाराम ने सूचना दी कि उसका 27 वर्षीय पुत्र रामनिवास सारण खेत पर गया हुआ था। इसी दौरान वह किसी कारणवश खेत में बनी सिंचाई की डिग्गी में गिर गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर तलाश की गई तो उसे डिग्गी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही देशनोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर देशनोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।








