बीकानेर। शहर में शनिवार को पक्षियों को लेकर एक अनोखा घटनाक्रम सामने आया। एस.पी. मेडिकल कॉलेज चौराहे के पास स्थित पक्षी चुग्गास्थल से कुछ कबूतरों को ट्रैक्टर में ले जाए जाने की सूचना पर स्थानीय युवाओं ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। रक्तवीर सेवा संस्था के अध्यक्ष राजेश गोदारा के अनुसार, मौके पर मौजूद युवाओं को संदेह हुआ कि कबूतरों को बिना अनुमति ले जाया जा रहा है। इसके बाद विकास बिश्नोई, अमरचंद और महेंद्र सिंह राजावत ने ट्रैक्टर का पीछा किया। बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन गंगानगर सर्किल पर तैनात ट्रैफिक पुलिस की मदद से उसे रोक लिया गया। पुलिस और मौजूद लोगों की मौजूदगी में ट्रैक्टर में रखे गए सभी कबूतरों को बाहर निकालकर खुले आसमान में छोड़ दिया गया। ट्रैक्टर चालक ने दावा किया कि कबूतर उसके पालतू हैं, जबकि युवाओं का कहना था कि पक्षियों को चुग्गास्थल से उठाया गया था। मामले को लेकर मौके पर कुछ देर तक चर्चा होती रही और अंततः कबूतरों को मुक्त कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। फिलहाल पुलिस ने मौके पर स्थिति शांत कराते हुए पक्षियों को सुरक्षित छोड़ दिया।
बीकानेर में कबूतरों को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा, युवाओं की सतर्कता से बची पक्षियों की जान, देखे वीडियो






