

बीकानेर। कोलकाता की एक कंपनी के बिल पास करने की एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में सीबीआई ने शुक्रवार को बीकानेर में रेलवे के दो कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान दोनों के पास से 1.20 लाख रुपए की रिश्वत लिए जाने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, मामला कोलकाता की एमआरटी कंपनी से जुड़ा है। कंपनी का करीब 48 करोड़ रुपए का टेंडर बताया जा रहा है। कंपनी के बिल पास करवाने के लिए कर्मचारी नवल किशोर रेलवे के सेक्शन ऑफिसर राजेंद्र चौधरी के पास पहुंचा था। आरोप है कि बिल पास करने की एवज में राजेंद्र चौधरी ने रिश्वत की मांग की। इसके बाद नवल किशोर ने मामले की शिकायत सीबीआई से की। शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए राजेंद्र चौधरी और राकेश को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सीबीआई की टीम पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।








