बीकानेर। नगर निगम के महापौर पद को लेकर बीकानेर में सियासी हलचल तेज हो गई है। महापौर पद के लिए आज नगर निगम परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसी बीच कांग्रेस खेमे से बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार वार्ड 73 के पार्षद अनिल कल्ला आज सुबह 11:15 बजे महापौर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को एक रिसोर्ट में बाड़ेबंदी में शामिल कांग्रेस पार्षदों से पार्टी के पर्यवेक्षक ने एक-एक करके बातचीत की और महापौर पद के संभावित नाम को लेकर राय जानी। बताया जा रहा है कि इस दौरान 28 पार्षदों ने अनिल कल्ला के नाम पर सहमति जताई। वहीं, भाजपा की ओर से भी महापौर पद के लिए सुरेंद्र सिंह शेखावत का नाम सामने आ रहा है। ऐसे में आज दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के नामांकन के साथ बीकानेर नगर निगम की महापौर की कुर्सी को लेकर मुकाबला और दिलचस्प होने के आसार हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नामांकन के बाद दोनों खेमे अपने-अपने पार्षदों को किस तरह एकजुट रखते हैं और महापौर पद के चुनाव में अंतिम तस्वीर क्या बनती है। बीकानेर में मेयर की कुर्सी को लेकर सियासी घमासान जारी है।
बीकानेर मेयर चुनाव: कांग्रेस से अनिल कल्ला आज भरेंगे नामांकन, 28 पार्षदों के समर्थन का दावा






