बीकानेर। नगर निगम के महापौर चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने महापौर पद के लिए सुरेन्द्र सिंह शेखावत को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी की ओर से शेखावत को सिंबल सौंपकर बीकानेर के लिए रवाना किया गया है। वे आज महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। मेयर पद के लिए भाजपा की ओर से शेखावत के मैदान में उतरने के बाद चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। हालांकि शेखावत के सामने बड़ी चुनौती बहुमत के आंकड़े को लेकर है। बताया जा रहा है कि शेखावत को निर्दलीय पार्षदों के साथ-साथ पार्टी से बाहर के कुछ पार्षदों के समर्थन का भरोसा है। इसी भरोसे के आधार पर भाजपा ने उन्हें मैदान में उतारा है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भाजपा अपने प्रत्याशी के पक्ष में जरूरी समर्थन जुटा पाएगी? वहीं दूसरी ओर कांग्रेस खेमे में भी महापौर पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। नामांकन के बाद तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कौन-कौन से पार्षद किस खेमे के साथ खड़े होते हैं और महापौर की कुर्सी तक पहुंचने के लिए अंतिम समय तक क्या सियासी समीकरण बनते हैं।
बीकानेर मेयर चुनाव में भाजपा का बड़ा दांव, सुरेन्द्र सिंह शेखावत होंगे प्रत्याशी






