बीकानेर। इंस्टाग्राम पर पुराने 5 रुपए के नोट के बदले 22.72 लाख रुपए मिलने का लालच देकर साइबर ठगों ने बज्जू तहसील निवासी शैतान सिंह से 1 लाख 52 हजार 750 रुपए ठग लिए। आरोपियों ने इनाम की राशि दिलाने के नाम पर फाइल चार्ज, जीएसटी और अन्य खर्च बताकर अलग-अलग क्यूआर कोड के जरिए रकम ट्रांसफर करवाई। लगातार और रुपए मांगे जाने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। रणजीतपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









