बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में हाइवे पर गांव कितासर के पास मंगलवार को एक कार अचानक टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार हाइवे की ग्रिल तोड़ते हुए करीब 20 फीट दूर सर्विस रोड पर जा गिरी। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि कार में सात लोग सवार थे और सभी बिहार मूल के हैं। सभी यात्री तनोट माता के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलने पर गरीब सेवा संस्थान की एंबुलेंस में सेवादार रामकिशन फौजी सहित सेवादार मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल उपजिला अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। इनमें 24 वर्षीय राहुल कुमार और 29 वर्षीय मुन्ना की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीकानेर रेफर किया गया है।
वहीं योगेंद्र, विकास, गौतम और रोहित का उपजिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में मेडिकल टीम द्वारा उपचार किया जा रहा है। सूचना पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया।
हाइवे पर टायर फटने से अनियंत्रित हुई कार, पलटकर सर्विस रोड पर गिरी; छह घायल







