बीकानेर। शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित राज विलास होटल के बार से 28 लाख रुपए की नकदी गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देर रात अंधेरे के बीच दो युवक बैग लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं। होटल मैनेजर की रिपोर्ट पर पुलिस ने होटल में काम करने वाले दो कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
होटल मैनेजर नानूराम मेघवाल ने सदर थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि जयप्रकाश और नितेश कुमार होटल के बार में काम करते हैं। पांच अक्टूबर की रात करीब 11:10 बजे वह बार और काउंटर की चाबियां देकर घर चले गए थे। अगले दिन छह अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे होटल पहुंचने पर उन्होंने कर्मचारियों से बार की चाबी मांगी, लेकिन पता चला कि दोनों कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आए थे।
लॉकर की जांच में गायब मिली 28 लाख की नकदी
मैनेजर के अनुसार, बार और स्टाफ रूम में चाबी तलाशने के बाद बार की जांच की गई, जहां चाबी पड़ी मिली। इसके बाद लॉकर चेक किया गया तो उसमें रखी करीब 28 लाख रुपए की नकदी गायब मिली। घटना की जानकारी तत्काल होटल मालिक को दी गई।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में देर रात दो युवक बैग लेकर जाते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मैनेजर की रिपोर्ट के आधार पर जयप्रकाश और नितेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई वेदपाल कर रहे हैं।
बीकानेर के राज विलास होटल के बार से 28 लाख रुपए गायब, CCTV में बैग लेकर जाते दिखे दो युवक






