सीकर। झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार बुडानिया के पिता महावीर प्रसाद जाट (62) की सोमवार देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा फतेहपुर-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर सदीनसर गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, सीतसर, झुंझुनूं निवासी महावीर प्रसाद जाट कार से मंडावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े आठ बजे कार का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे एक ट्रोले से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और वाहन चालकों ने महावीर प्रसाद को कार से बाहर निकालकर फतेहपुर के उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारण लगे जाम को खुलवाया। इसके बाद वाहन को थाने में खड़ा करवाया गया।।पुलिस ने रात में ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।।झालावाड़ एसपी अमित बुडानिया के पिता के निधन पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल सहित कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। डोटासरा ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।







