बीकानेर। वल्लभ गार्डन रोड पर मंगलवार रात निर्माणाधीन सड़क के बीच निकला हुआ सीवर लाइन का चैम्बर हादसे का कारण बन गया। चैम्बर सड़क से काफी ऊपर उठा हुआ था और खुला पड़ा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उससे बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर गिर गए। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। हादसे के बाद एक युवक अचेत अवस्था में सड़क पर पड़ा रहा, जबकि दूसरा घायल हालत में सड़क पर बैठा हुआ था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, वल्लभ गार्डन रोड पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। सड़क के बीच सीवर लाइन का चैम्बर लंबे समय से सड़क की सतह से ऊपर निकला हुआ बताया जा रहा है। मंगलवार रात इसी चैम्बर के कारण बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवकों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। फिलहाल दोनों घायल युवकों की पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर इस तरह खुले और ऊंचे चैम्बर से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने संबंधित विभाग से चैम्बर को सड़क के लेवल पर करने और खुले चैम्बर को सुरक्षित करने की मांग की है।
निर्माणाधीन सड़क बनी हादसे का कारण! सीवर चैम्बर से टकराकर बाइक सवार दो युवक घायल







