बीकानेर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए शहर में आमजन की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर निशान्त जैन ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और व्यापार-उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, बिजली-पानी की आपूर्ति और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए। पुलिस समय रहते ट्रैफिक प्लान तैयार करे और आमजन को इसकी जानकारी दे। पार्किंग स्थलों की व्यवस्था के साथ आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग भी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पुलिस की यातायात शाखा और व्यापारिक संगठनों के बीच समन्वय बनाने पर जोर दिया गया।
शहर की सफाई और रोशनी पर विशेष ध्यान
नगर निगम को बाजारों और प्रमुख सड़कों पर सफाई व्यवस्था बेहतर रखने, बंद स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने और सड़क सुधार के कार्य प्राथमिकता से पूरे करने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि मुख्य मार्गों पर कोई भी लाइट बंद नहीं रहनी चाहिए। पाइपलाइन मरम्मत के लिए खोदी गई सड़कों को भी तत्काल ठीक करवाया जाए।
बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना ने बताया कि सर्वे में 1100 रोड लाइटें खराब मिली थीं, जिनमें से करीब 1000 को ठीक करवा दिया गया है। वहीं, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी ने बताया कि सर्वे के दौरान 600 लाइटें बंद मिली थीं। इन्हें दुरुस्त करवाने के साथ दीपावली से पहले 1800 नई रोड लाइटें लगाने की तैयारी है।
बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति के निर्देश
त्योहार के दौरान पेयजल और बिजली आपूर्ति बाधित नहीं हो, इसके लिए जलदाय विभाग, विद्युत निगम और बीकेसीएल के अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। जिला कलक्टर ने विद्युत कटौती नहीं करने तथा सार्वजनिक स्थलों, चौराहों और सर्किलों पर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों और संगठनों से भी बाजारों व दुकानों को सजाने की अपील की। मंदिरों में सजावट के लिए देवस्थान विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए।
31 अक्टूबर तक पूरा करना होगा सड़क मरम्मत का काम
जिला कलक्टर ने शहर की सड़कों पर पेंचवर्क का काम 31 अक्टूबर तक पूरा करने की समयसीमा तय की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित विभाग समय पर काम पूरा करें।
बर्न यूनिट और चिकित्सा सेवाओं पर भी नजर
दीपावली के दौरान पटाखों से जलने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर स्थित बर्न यूनिट में सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने तथा सीएमएचओ के अधीन चिकित्सा केंद्रों में भी निर्धारित मानकों के अनुसार सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा अवसर
दीपावली के अवसर पर राजीविका के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए स्टॉल लगाने की योजना भी बनाई गई है। जिला कलक्टर ने इसके लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए, ताकि महिलाओं के उत्पादों को बाजार मिल सके और उनकी आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध हों।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और व्यापार-उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन का जोर दीपावली से पहले शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर है।








