बीकानेर। शहर के जयपुर रोड पर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जेएनवीसी थाना क्षेत्र में हल्दीराम प्याऊ के पास तेज रफ्तार कार और एंबुलेंस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में कार और एंबुलेंस के चालक घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है।।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जोधपुर नंबर की कार तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही एंबुलेंस से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार उछलकर कई मीटर दूर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों के टूटे हुए कांच सहित अन्य सामान बिखर गया। जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार में शराब की बोतल भी मिली है। हालांकि, हादसे के कारणों और चालक की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








